Follow Us:

शिमला के रामपुर में HRTC बस पलटी, हादसे में एक यात्री की मौत और कई घायल, तीस से अधिक थे सवार

➤ शिमला के रामपुर में एचआरटीसी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलटी

➤ हादसे में एक यात्री की दर्दनाक मौत और दस से अधिक लोग गंभीर घायल

➤ गोशाला से टकराकर रुकी बस जिससे खाई में गिरने से टला बड़ा हादसा

 हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। जिले के रामपुर में यात्रियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। यह बस सनेई से रामपुर की ओर जा रही थी, तभी राय के पास एक तीखे मोड़ पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक सहित 30 से अधिक यात्री सवार थे।

रामपुर में पलटी एचआरटीसी बस।

इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री की मौत हो गई है, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में दो यात्रियों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। गनीमत यह रही कि सड़क से नीचे लुढ़कते हुए बस एक गोशाला के पास जाकर रुक गई। यदि बस वहां से नीचे खाई की तरफ पलट जाती, तो जान-माल का कहीं अधिक और भयावह नुकसान हो सकता था।

शिमला के रामपुर में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने अपनी निजी गाड़ियों की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

शिमला के रामपुर में दुर्घटनाग्रस्त बस।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रशासन द्वारा घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।