Follow Us:

HPMC दो अल्कोहलिक ड्रिंक लॉन्च करेगा:बीयर जैसा होगा स्वाद; मीड में 9% और एप्पल साइडर में 8% अल्कोहल

➤ HPTDC और बागवानी निगम HPMC बाजार में उतारेगा दो नए अल्कोहलिक ड्रिंक ‘मीड’ और ‘एप्पल साइडर’

➤ शहद और सेब से तैयार होने वाले इन ड्रिंक्स का स्वाद होगा बीयर जैसा, परवाणू प्लांट में होगा उत्पादन

➤ निगम एक महीने के भीतर बाजार में उतारेगा सेब का कार्बोनेटेड जूस, वाइस चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा ने दी जानकारी

शिमला। राज्य सरकार का उपक्रम हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (HPMC) अब शहद और सेब से तैयार होने वाले दो नए ‘अल्कोहलिक ड्रिंक’ बाजार में उतारने की तैयारी पूरी कर चुका है। जल्द ही एचपीएमसी के मीड और एप्पल साइडर बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इन दोनों का स्वाद बीयर की तरह होगा। मीड में अल्कोहल की मात्रा 9 प्रतिशत होगी, जिसे शहद से तैयार किया जाएगा, जबकि एप्पल साइडर में 8 प्रतिशत अल्कोहल होगी और इसे बनाने के लिए सेब के जूस का इस्तेमाल होगा। इन दोनों ड्रिंक्स का उत्पादन परवाणू स्थित एचपीएमसी के प्लांट में किया जाएगा। इसके साथ ही निगम अगले एक महीने के भीतर सेब का कार्बोनेटेड जूस भी बाजार में लॉन्च करने जा रहा है।

एचपीएमसी के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सेब से तैयार होने वाले नए अल्कोहलिक ड्रिंक को बाजार में उतारने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके सैंपल और एक्साइज डिपार्टमेंट से लाइसेंस जैसी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। निगम अब फलों के जूस और कंसंट्रेट के साथ-साथ अल्कोहलिक पेय पदार्थों की नई रेंज तैयार कर घरेलू और निर्यात बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहता है। इसके अलावा, निगम पराला में एप्पल श्नैप्स प्लांट लगाने की संभावनाएं भी तलाश रहा है।

एचपीएमसी के इस कदम का पूर्व वाइस चेयरमैन प्रकाश ठाकुर ने भी स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जूस कंसंट्रेट कारोबार में कीमतों के दबाव को देखते हुए सेब से अल्कोहलिक ड्रिंक बनाना निगम के लिए कमाई का नया और बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।