Follow Us:

हिमाचल में संतृप्ति अभियान शुरू: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ेंगे पात्र लोग, 31 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

➤ हिमाचल प्रदेश में वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार के लिए ‘संतृप्ति अभियान’ की शुरुआत

➤ वित्तीय सेवा विभाग के निर्देश पर 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर 2026 तक देशभर में चलाया जा रहा है यह विशेष अभियान

➤ शिमला में आयोजित शिविर में RBI और UCO बैंक के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री बीमा व पेंशन योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर


हिमाचल प्रदेश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए संतृप्ति अभियान का आगाज हो गया है। केंद्रीय वित्तीय सेवा विभाग की ओर से देशभर में 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत बुधवार को राजधानी शिमला में एक विशेष एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन यूको बैंक और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), हिमाचल प्रदेश के माध्यम से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के क्षेत्रीय निदेशक पीएस खुआल और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक एवं यूको बैंक के प्रतिनिधि कमल कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ बैंक अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के दौरान नागरिकों को विभिन्न आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और जनहितकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई, साथ ही पात्र लोगों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर रहेगा फोकस इस संतृप्ति अभियान के तहत मुख्य रूप से तीन प्रमुख योजनाओं— प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का नामांकन करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अतिरिक्त, बैंक खातों में नॉमिनी दर्ज कराने, नए प्रधानमंत्री जनधन खाते खोलने, ग्राहकों की री-केवाईसी (Re-KYC) प्रक्रिया समय पर पूरी करने और लंबे समय से निष्क्रिय पड़े बैंक खातों को दोबारा सक्रिय करने जैसे अहम कार्य किए जाएंगे। शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल लेनदेन में पूरी सावधानी बरतने और साइबर फ्रॉड से बचने के प्रति भी जागरूक किया, जबकि जनधन खाताधारकों को रुपे (RuPay) कार्ड भी वितरित किए गए।