Follow Us:

सिया गुलेरिया हत्याकांड में दोषी विकास पटियाल की सजा पर फैसला टला, नेरचौक मेडिकल कॉलेज से नहीं पहुंची साइकेट्रिक इवैल्यूएशन रिपोर्ट, 10 दिन बाद रिपोर्ट पेश होने पर आगे की प्रक्रिया

➤ सरकाघाट की सिया गुलेरिया हत्याकांड में दोषी विकास पटियाल की सजा पर फैसला फिलहाल टला
➤ नेरचौक मेडिकल कॉलेज से साइकेट्रिक इवैल्यूएशन रिपोर्ट नहीं पहुंची, 10 दिन बाद होगी पेश
➤ 6 नवंबर को अदालत ने ठहराया था दोषी, 43 गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्य बने आधार


मंडी। सरकाघाट की 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या के मामले में दोषी विकास पटियाल को सजा सुनाने का फैसला फिलहाल टल गया है। शुक्रवार को अदालत में आरोपी की साइकेट्रिक इवैल्यूएशन रिपोर्ट पेश नहीं हो सकी।

यह रिपोर्ट नेरचौक मेडिकल कॉलेज से आनी थी। रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण अदालत सजा पर अंतिम निर्णय नहीं ले सकी। अब 10 दिन बाद रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी। इसके बाद सजा को लेकर आगे की प्रक्रिया होगी।

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक) सरकाघाट की अदालत ने 6 नवंबर को विकास पटियाल को सिया की हत्या का दोषी करार दिया था। सजा तय करने से पहले अदालत ने आरोपी की मानसिक स्थिति के मूल्यांकन की रिपोर्ट मांगी थी। इसके अलावा उसकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति, पारिवारिक पृष्ठभूमि, शैक्षणिक योग्यता, जेल में आचरण और सुधार की संभावनाओं से संबंधित जानकारी भी तलब की गई थी।

सरकाघाट उपमंडल के गांव नैण की रहने वाली सिया गुलेरिया सरकाघाट कॉलेज में पढ़ती थी। 13 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 से 9:44 बजे के बीच गोपालपुर क्षेत्र के बैंजी में कॉलेज जाते समय उस पर दराट से हमला किया गया था। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था।

पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद अदालत में 200 से अधिक पन्नों का चालान पेश किया था। अभियोजन पक्ष की ओर से 43 गवाहों के बयान दर्ज करवाए गए। मामले में CCTV फुटेज, फोरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी पेश किए गए। 30 जुलाई को ट्रायल शुरू हुआ था। करीब तीन महीने की सुनवाई और अंतिम बहस के बाद 6 नवंबर को अदालत ने आरोपी को हत्या का दोषी करार दिया था। अब नेरचौक मेडिकल कॉलेज से आने वाली मनोचिकित्सकीय मूल्यांकन रिपोर्ट के बाद अदालत सजा पर अगला फैसला लेगी।

गौरतलब है कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा तय करने से पहले अदालतें अक्सर आरोपी की मानसिक स्थिति, पारिवारिक पृष्ठभूमि और सुधार की संभावनाओं पर रिपोर्ट मंगवाती हैं, ताकि सजा के निर्धारण में सभी पहलुओं पर विचार किया जा सके। कॉलेज और स्कूल जाने वाली बेटियों के अभिभावक उनसे खुलकर संवाद रखें और किसी भी तरह की धमकी, पीछा करने या परेशान करने की शिकायत को गंभीरता से लें। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। महिला सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 और महिला हेल्पलाइन 181 पर संपर्क किया जा सकता है।