➤ सिरमौर के शिल्ला गांव में चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में लिए सात फेरे
➤ एक ही घर से अलग-अलग दिशाओं में निकलीं चार बरातें, शाम को एक आंगन में हुआ चार बहुओं का स्वागत
➤ 38 सदस्यों वाला संयुक्त परिवार अब हुआ 42, दस भाई आज भी रहते हैं एक छत के नीचे
कफोटा (सिरमौर)। सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही मुहूर्त में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर लौटे तो एक ही आंगन में चार नई बहुओं का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत हुआ। अनूठे रीति-रिवाजों और परंपराओं के लिए पहचान रखने वाले ट्रांसगिरी क्षेत्र में यह अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।
खास बात यह रही कि चारों की बरात एक ही घर से अलग-अलग दिशाओं में रवाना हुईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी दुल्हनों के साथ घर लौटे। दूल्हों का परिवार संयुक्त रूप से रहता है। इस परिवार में पहले कुल 38 सदस्य थे, जो चार नई बहुओं के आने के बाद अब 42 हो गए हैं।
शिल्ला गांव के प्रताप चौहान और उनके भाई के बेटों का विवाह एक ही दिन संपन्न हुआ। प्रताप सिंह के बेटे भवान सिंह का विवाह मटियाना की शिवानी के साथ हुआ। वहीं, रविंद्र चौहान (फौजी) ने दुगाना की रवीना के साथ सात फेरे लिए। इसके अलावा सुरेंद्र सिंह के बेटे विजय चौहान ने बालीकोटी के चाकरी गांव की प्रमिला और अजय चौहान ने कोडगा के बिराखना गांव की सुनीता को जीवनसंगिनी बनाया।
शादी के दिन शिल्ला गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। दरअसल, गिरिपार क्षेत्र में संयुक्त परिवार की परंपरा आज भी कई गांवों में कायम है। यहां एक ही परिवार के कई सदस्य एक छत के नीचे रहते हैं और पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा किए बिना मिल-जुलकर जीवन व्यतीत करते हैं। शिल्ला गांव का देमनेईक परिवार भी इसी परंपरा का उदाहरण है। प्रताप और सुरेंद्र से जुड़े इस परिवार में दस भाई एक ही छत के नीचे रहते हैं और अभी तक जमीन का बंटवारा भी नहीं हुआ है।
संयुक्त परिवार की इस व्यवस्था के कई सामाजिक और आर्थिक फायदे माने जाते हैं। एक ही मुहूर्त में कई विवाह होने से मेहमानों की आवाजाही, भोज, सजावट और अन्य तैयारियों का खर्च साझा हो जाता है। साथ ही पूरे परिवार को एक साथ जुटने और खुशी मनाने का अवसर मिलता है। पहाड़ी इलाकों में खेती, पशुपालन और बागवानी जैसे कामों में अधिक हाथ मिलने से परिवार को आर्थिक मजबूती भी मिलती है। बुजुर्गों की देखभाल और बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी भी सभी मिलकर निभाते हैं।
सामाजिक जानकारों का मानना है कि आज जब शहरों में एकल परिवारों का चलन बढ़ रहा है, तब गिरिपार जैसे क्षेत्रों में ऐसी मिसालें आपसी सहयोग, सामूहिक निर्णय और पारिवारिक एकजुटता का संदेश देती हैं। नवविवाहित जोड़ों के लिए भी इतने बड़े परिवार में सामंजस्य, सम्मान और जिम्मेदारी साझा करने की सीख मिलती है। फिलहाल शिल्ला गांव और आसपास के इलाकों में इस शादी की खूब चर्चा है।



