➤ तपोवन के जोरावर स्टेडियम में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं का धरना
➤ जयराम ठाकुर ने कहा- चार साल की बकाया राशि के हिसाब से प्रत्येक पात्र महिला को मिलें 72 हजार रुपये
➤ नेता प्रतिपक्ष का दावा- प्रदेश की करीब 28 लाख महिलाओं को मिलना चाहिए था योजना का लाभ
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला के तपोवन स्थित जोरावर स्टेडियम में महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की मांग को लेकर भाजपा ने प्रदर्शन किया। भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के साथ कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची महिलाएं धरने पर बैठीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी गारंटी पूरी करने की मांग उठाई।
दरअसल, कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। भाजपा इसी वादे को पूरा करने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि सरकार को महिलाओं के खाते में यह राशि जल्द जारी करनी चाहिए।
जयराम ठाकुर बोले- हर महिला को मिलें 72 हजार रुपये
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहली कैबिनेट में ही महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद यह गारंटी पूरी नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि अब महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने के बजाय चार साल की बकाया राशि के रूप में प्रत्येक पात्र महिला को 72 हजार रुपये दिए जाएं।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में करीब 28 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए था। चार साल के हिसाब से प्रत्येक पात्र महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं।
20 बार घोषणा, फिर भी पूरा नहीं हुआ वादा: जयराम
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा अब तक करीब 20 बार की जा चुकी है, लेकिन इसे धरातल पर लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इसी गारंटी के कारण कांग्रेस सरकार सत्ता में आई थी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं से किया गया वादा पूरा नहीं कर पाने वाली कांग्रेस सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। वहीं, विधानसभा परिसर के बाहर महिलाओं का धरना जारी रहा। भाजपा विधायक दल भी महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की मांग को लेकर धरने पर बैठा।



