➤ मंडी के त्रिवेणी घाट पर यश, आयुष और अनुज की चिताएं एक साथ जलीं
➤ लडभड़ोल हादसे में 6 लड़कों की मौत, 5 परिवारों ने खोए इकलौते बेटे
➤ प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत दी
मंडी जिले के लडभड़ोल में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 6 लड़कों का आज उनके पैतृक गांवों में अंतिम संस्कार किया गया। इनमें से तीन दोस्त यश, आयुष और अनुज की चिताएं त्रिवेणी घाट पर एक साथ जलाई गईं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप और परिवार के दूसरे सदस्य बार-बार बेसुध हो रहे हैं, जिन्हें संभालना मुश्किल हो रहा है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
5 परिवारों के इकलौते लड़के थे
लड़कों के घरों समेत पूरे लड़भड़ोल क्षेत्र में मातम पसरा है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां आज अपनों को खोने का दर्द है। इस हादसे ने 5 परिवारों के इकलौते चिराग बुझा दिए। किसी घर से 14 साल के किशोर की अर्थी उठी, तो किसी घर से 21 साल के इकलौते बेटे की। एक परिवार ने तो अपना पोता और दोहता, दोनों खो दिए हैं।
6 लड़कों की एक साथ मौत से सिमस, गवाला और दरोब गांव में हर आंख नम है। परिजनों के लिए यह यकीन करना भी मुश्किल हो रहा है कि जिन बच्चों के घर लौटने का वे इंतजार कर रहे थे, वे अब कभी वापस नहीं आएंगे।
इन 6 लड़कों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आयुष राय (21), अनुज कुमार (18) और यश राय (14), निवासी सिमस, पंकज कुमार (17) और अर्णव ठाकुर (15), निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17), निवासी दरोब के रूप में हुई है। इनमें 3 लड़के सिमस, दो गवाला और एक दरोब गांव का रहने वाला था।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
6 लड़के मंगलवार देर रात पड़ोस में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर कार से घर लौट रहे थे। लडभड़ोल के पेट्रोल पंप के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। लड़के रातभर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोग अपने स्तर पर उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन किसी को हादसे का अंदाजा नहीं था।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक बाइक सवार की नजर खाई में गिरी क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी। उसने स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद हादसे का पता चला। स्थानीय लोगों, पुलिस, नायब तहसीलदार और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक 6 लड़कों की मौत हो चुकी थी।
प्रशासन ने परिवारों को दी 25-25 हजार रुपए की राहत
हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रणजीत कपूर, नायब तहसीलदार और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा के अनुसार, प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत दी गई है।
विधायक प्रकाश राणा ने परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस
स्थानीय विधायक प्रकाश राणा बुधवार देर शाम विधानसभा का सत्र छोड़कर मृतक लड़कों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें ढांढस बंधाया। इससे पहले उन्होंने सदन में भी हादसे पर शोक व्यक्त किया था।
सीएम सुक्खू और केंद्रीय मंत्री नड्डा ने जताया दुख
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
किशोरों के वाहन चलाने और रात के सफर में बरतें सावधानी
यातायात विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम होती है और तीखे मोड़ व गहरी खाइयां जोखिम को कई गुना बढ़ा देती हैं। ऐसे में नाबालिग या अनुभवहीन चालकों को वाहन सौंपना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अभिभावकों को चाहिए कि बच्चे देर रात कहीं जा रहे हों तो उनके लौटने की जानकारी रखें और समय पर संपर्क न होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। कार में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं और सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें। खाई वाले संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर और रिफ्लेक्टर लगाना भी जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।



