➤ धर्मशाला में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होगा खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का भव्य आगाज
➤ 500 से अधिक ड्रोन आसमान में बनाएंगे 15 आकृतियां, 15 मिनट चलेगा ड्रोन लाइट शो
➤ 20 से 25 मिनट का लेजर शो, लोक संस्कृति और मशाल यात्रा भी होंगे आकर्षण
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करने के लिए खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान का आगाज इस बार बेहद भव्य अंदाज में होने जा रहा है। धर्मशाला के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित इस आयोजन में 500 से अधिक ड्रोन आसमान में नशामुक्त हिमाचल का संदेश देंगे। इससे खेलों के रोमांच के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और नशामुक्ति का संदेश एक ही मंच पर देखने को मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में करीब 20 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अत्याधुनिक ड्रोन लाइट शो होगा। इसमें 500 से अधिक ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और रंग-बिरंगी रोशनी से कम से कम 15 आकर्षक आकृतियां तैयार करेंगे। इन आकृतियों के माध्यम से खेलो हिमाचल और चिट्टा मुक्त हिमाचल का संदेश दिया जाएगा। यह ड्रोन शो कम से कम 15 मिनट तक चलेगा। रात के समय आसमान में एक साथ जगमगाते सैकड़ों ड्रोन दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे।
समारोह को आधुनिक और यादगार बनाने के लिए 20 से 25 मिनट के लेजर शो की भी योजना है। इसमें संगीत की धुनों के साथ रंग-बिरंगी लेजर किरणों का शानदार तालमेल देखने को मिलेगा। खेलों के इस महाकुंभ में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक भी दिखेगी। हिमाचल के पारंपरिक लोक नृत्य, लोक कलाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह में चार चांद लगाएंगी।
कार्यक्रम में टॉर्च रिले यानी मशाल यात्रा का आयोजन भी प्रस्तावित है। यह यात्रा खेल भावना, एकता और नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगी। हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने और युवाओं को अपने स्वास्थ्य की तरफ ध्यान देने के लिए सरकार की यह नई पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में कम शोर वाली आतिशबाजी और ग्राउंड फायरवर्क्स की व्यवस्था प्रस्तावित है। पर्यावरण और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए इस तरह की आतिशबाजी की योजना बनाई गई है। बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड की ओर से आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कंपनियों से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अनुभवी इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी की सेवाएं लेने की योजना है।
चिट्टा यानी सिंथेटिक ड्रग्स हिमाचल के युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार नशे की लत से बचाव में खेलों की बड़ी भूमिका होती है, क्योंकि नियमित खेलकूद से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य मजबूत रहता है और युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है। अभिभावकों को चाहिए कि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, चिड़चिड़ापन, पढ़ाई में गिरावट या संगत में बदलाव जैसे लक्षणों पर नजर रखें और ऐसी स्थिति में बच्चों से खुलकर बात करें। नशे की लत से जूझ रहे किसी व्यक्ति के लिए नजदीकी नशा मुक्ति केंद्र या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना सबसे सही कदम है।



