➤ हिमाचल भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी घोषित, 12 सदस्य और 2 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल
➤ जेपी नड्डा, जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल, अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप को मिली जगह
➤ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेश पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जारी की अधिसूचना
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की घोषणा कर दी गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेश पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। कमेटी में कुल 12 सदस्य शामिल किए गए हैं, जबकि दो विशेष आमंत्रित सदस्य भी बनाए गए हैं। घोषित कोर कमेटी में कई प्रमुख नेताओं को जगह मिली है।
कमेटी में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का नाम शामिल है। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी इस कमेटी का हिस्सा हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को भी कोर कमेटी में शामिल किया गया है। प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन भी इस महत्वपूर्ण समिति के सदस्य बनाए गए हैं।
कमेटी में ये नेता भी शामिल
इसके साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज भी कोर कमेटी में हैं। इनके अलावा विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल भी इस 12 सदस्यीय कोर कमेटी का हिस्सा हैं।
विशेष आमंत्रित सदस्य
अधिसूचना के अनुसार प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को कोर कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
कोर कमेटी का संगठन में महत्व
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में प्रदेश कोर कमेटी को सबसे अहम समिति माना जाता है। आमतौर पर इसमें संगठन, सरकार और संसदीय दल के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया जाता है। यह समिति प्रदेश स्तर पर रणनीति, चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक फैसलों और महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा कर पार्टी नेतृत्व को सुझाव देती है। ऐसे में नई कोर कमेटी में सांसदों, विधायकों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों की मौजूदगी से पार्टी ने क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की है।
हिमाचल भाजपा कोर कमेटी: पूरी सूची
- जगत प्रकाश नड्डा
- डॉ. राजीव बिंदल
- जयराम ठाकुर
- सिद्धार्थन
- सुरेश कश्यप
- अनुराग ठाकुर
- सतपाल सिंह सत्ती
- डॉ. राजीव भारद्वाज
- विपिन सिंह परमार
- डॉ. सिकंदर कुमार
- पायल वैद्य
- संजीव कटवाल
विशेष आमंत्रित सदस्य: श्रीकांत शर्मा और दर्शना सिंह



