Follow Us:

अपनों ने छोड़ा साथ तो वृद्धाश्रम में मिला हमसफर, 75 के कन्हैया ने 63 वर्ष की सबीना एक दूसरे के हुए

➤ बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में 75 के कन्हैया लाल और 63 की सबीना ने की शादी

➤ मंडी के कन्हैया और कोलकाता की सबीना की मुलाकात वृद्धाश्रम में ही हुई थी

➤ शादी के बाद दोनों नालागढ़ के मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में रहेंगे


बिलासपुर। जिंदगी के सफर में जब अपनों का साथ छूट गया तो दो अनजान चेहरों ने एक-दूसरे में अपना हमसफर तलाश लिया। उम्र के इस पड़ाव पर 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत की है। बुधवार को बिलासपुर जिले के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंध गए। शादी समारोह में मंगलगीत गूंजे और आश्रम में खुशियों का माहौल रहा।

सुबह करीब 11:30 बजे दोनों की जयमाला की रस्म संपन्न हुई। इसके बाद विवाह की अन्य पारंपरिक रस्में निभाई गईं। दोपहर करीब तीन बजे दोनों की विदाई की तैयारी की गई। शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में साथ रहकर अपने जीवन का नया सफर शुरू करेंगे।

मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के रहने वाले कन्हैया लाल पिछले करीब साढ़े तीन साल से अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चे नहीं हैं। उनके पास करीब दो से ढाई बीघा जमीन और दो कमरों का मकान था। उन्होंने यह संपत्ति अपने भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन उनके अनुसार बाद में भाइयों ने उनकी देखभाल नहीं की। कन्हैया लाल लोक निर्माण विभाग में नियमित कर्मचारी रहे हैं और वर्ष 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें वृद्धाश्रम में सहारा मिला।

63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। जीवन की परिस्थितियों के चलते वह भी अपनों से दूर हो गईं। दयोली स्थित वृद्धाश्रम में उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा। आखिरकार दोनों ने जीवन का शेष सफर एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला कर लिया।

विवाह की खुशियां आश्रम में मंगलवार शाम से ही शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाई। इस दौरान ढोलकी की थाप पर मंगलगीत गाए गए। बुधवार सुबह जयमाला की रस्म हुई और इसके बाद विवाह की अन्य रस्में पूरी की गईं। पहले दोनों का कोर्ट मैरिज करवाने की योजना थी, लेकिन बाद में आश्रम प्रबंधन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह करवाने का निर्णय लिया।

इस समारोह में कन्हैया लाल के गांव से भी दो-तीन लोग शामिल हुए। इनमें वे लोग भी थे, जिन्होंने शुरुआत में उन्हें रेस्क्यू कर वृद्धाश्रम पहुंचाया था। हालांकि, दोनों के परिवारों से किसी के विवाह समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं थी।

यह घटना समाज के उस पहलू की ओर भी ध्यान खींचती है, जहां बुजुर्ग उम्र के अंतिम पड़ाव पर अकेलेपन से जूझते हैं। जानकारों के अनुसार बढ़ती उम्र में साथी का सहारा मानसिक सेहत के लिए बेहद अहम होता है। अकेलापन अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है, जबकि भावनात्मक साथ से बुजुर्गों में आत्मविश्वास और जीने की उम्मीद बनी रहती है। परिवार के सदस्यों की जिम्मेदारी है कि बुजुर्ग माता-पिता और परिजनों की देखभाल करें, उनसे नियमित संवाद रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। यदि किसी बुजुर्ग को देखभाल या संपत्ति को लेकर परेशानी हो तो वे वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण कानून के तहत भी मदद ले सकते हैं।