Follow Us:

दिल के मरीजों के लिए खुशखबरी, टांडा मेडिकल कॉलेज में आधे से भी कम दाम में मिलेगा स्टंट

➤ टांडा मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों को बड़ी राहत, 41 हजार रुपए वाले स्टंट अब 17500 और 21500 रुपए में

➤ टेंडर प्रक्रिया से स्टंट की कीमतों में भारी कटौती, हिमकेयर, आयुष्मान कार्ड और नकद भुगतान वाले सभी मरीजों पर समान दरें लागू

➤ हरि ओम ट्रेडर्स, अतुल्य सर्जिकल, निक्कोस, रामदयाल और इन्वुलेशन सहित कई वेंडर्स ने लिया टेंडर में भाग


डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा (टीएमएसी) में हृदय रोगियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। कई वर्षों से दिल के मरीजों को जो स्टंट 41 हजार रुपए में मिलते थे, अब वही स्टंट 17500 और 21500 रुपए में मिलेंगे। स्टंट्स की कीमतों में भारी कटौती से गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

अस्पताल प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से स्टंट की कीमतों में उल्लेखनीय कमी की है। पहले जहां स्टंट की दर 41 हजार रुपए थी, वहीं अब नई दरें घटाकर 21500 रुपए और 17500 रुपए निर्धारित की गई हैं। इससे हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक राहत मिलेगी।

अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, स्टंट की संशोधित दरें सभी मरीजों के लिए समान रहेंगी। चाहे मरीज हिमकेयर कार्ड, आयुष्मान भारत योजना के कार्ड के माध्यम से उपचार करवाए या नकद भुगतान करे, सभी पर निर्धारित नई दरें ही लागू होंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को पारदर्शी दरों पर उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है।

स्टंट की आपूर्ति के लिए आयोजित टेंडर प्रक्रिया में हरि ओम ट्रेडर्स, अतुल्य सर्जिकल, निक्कोस, रामदयाल और इन्वुलेशन सहित विभिन्न वेंडर्स ने भाग लिया। टेंडर प्रक्रिया के बाद स्टंट की नई दरें निर्धारित की गई हैं। गौरतलब है कि हृदय रोगियों के उपचार में स्टंट की अहम भूमिका होती है और इसकी कीमत मरीजों के उपचार खर्च को प्रभावित करती है। ऐसे में टांडा मेडिकल कॉलेज में दरों में की गई यह कटौती मरीजों के लिए राहत भरा कदम मानी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे स्टंट की नई निर्धारित दरों की जानकारी रखें और इसका लाभ उठाएं।

हृदय रोग और स्टंट के बारे में जरूरी जानकारी: जब दिल की धमनियों में वसा या कोलेस्ट्रॉल जमने से रुकावट आ जाती है, तो हृदय तक खून का प्रवाह कम हो जाता है। एंजियोप्लास्टी के दौरान इस रुकावट वाली धमनी में स्टंट नामक छोटी जालीदार नली लगाई जाती है, जो धमनी को खुला रखती है। छाती में दर्द या भारीपन, सांस फूलना, बाएं हाथ, जबड़े या पीठ में दर्द, अत्यधिक पसीना और चक्कर आना हार्ट अटैक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में देर न करें और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें या 108 पर संपर्क करें, क्योंकि शुरुआती कुछ घंटे बेहद अहम होते हैं। दिल को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित और कम तेल-नमक वाला भोजन, धूम्रपान और तंबाकू से दूरी, तनाव पर नियंत्रण तथा ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच जरूरी है। स्टंट लगने के बाद डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयां, खासकर ब्लड थिनर, बिना सलाह के बंद न करें और समय-समय पर फॉलो-अप जांच करवाते रहें।