Follow Us:

टुटू चौक पर फूटा लोगों का गुस्सा, कूड़े-पानी की समस्या को लेकर MC के खिलाफ बोला हल्ला

पी. चंद, शिमला |

शिमला में शुक्रवार को शिमला शहर के टुटू चौक पर नागरिक सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। कूड़े और पानी की समस्या से परेशान टूटू के लोगों ने प्रदर्शन के दौरान नगर निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। समस्याओं का जल्द समाधान न होने पर नागरिक सभा के सदस्यों ने नगर निगम को डालो-डेरा-डालो प्रदर्शन की चेतावनी भी दे डाली।

नागरिक सभा अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि टूटू वार्ड में कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। कूड़ा उठाने के लिए नियुक्त ठेकेदार के मजदूर काम छोड़कर भाग गए हैं। टूटू की गली-मोहल्लों  और रास्तों पर कूड़े का अंबार लग चुका है। एक तरफ घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर कूड़ा उठाने की गाड़ियां भी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि टूटू में चारों ओर कचरा फैला हुआ है, जिस कारण बंदरों, गायों और आवारा पशुओं का खौफ भी बढ़ गया है।

नागरिक सभा अध्यक्ष वार्ड ने इस स्थिति के लिए सैहब सोसाइटी के निजीकरण और ठेकेदारी प्रथा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि एक मजदूर को सौ घरों की जगह दो सौ घरों में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है और उनको वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। इस तरह से जान-बूझकर अव्यवस्था का वातावरण बनाया जा रहा है।