Follow Us:

हरदीप बावा पर हमले के 14 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज, 11 गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

इंटक प्रदेश अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह पर 27 सितंबर को हुए जानलेवा हमले के बाद से फरार सभी 14 आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका शुक्रवार सुबह हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर के समक्ष आरोपियों की जमानत याचिकाएं वापस ले ली।
परवाणू पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी के लिए हाईकोर्ट के बाहर पूरा जाल बिछाया था, लेकिन आरोपी नहीं पहुंचे। शाम को पुलिस ने परवाणू से 11 को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

तीन आरोपी अभी फरार हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बावा का हाल जानने पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में ऐसा पहली बार हुआ है कि दिनदहाड़े किसी नेता पर हमला करने के बाद आरोपी फरार हो जाते हैं। सरकार को इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। इससे पूर्व वीरवार देर शाम विधायक विक्रमादित्य ने भी बावा का हालचाल जाना।

परवाणू थाना प्रभारी वीरेंद्र चौहान ने कहा कि परवाणू में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और हमले में 15 आरोपी हैं. भाजयुमो उपाध्यक्ष राकेश शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।