Follow Us:

लगातार बढ़ रहा है ”तितली” तूफान, कई राज्यों में अलर्ट जारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

बंगाल की खाड़ी पर बन रहे दबाव के कारण आए चक्रवाती तूफान ‘तितली' ने बुधवार को प्रचंड रूप ले लिया और यह ओडिशा-आंध्रप्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है जिससे ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक ए वदूद ने बताया कि तूफान ‘तितली' वर्तमान में 110 से 120 किमी प्रति घंटे से बढ़ रहा है लेकिन इसकी दिशा उत्तर पूर्व होते ही इसकी रफ्तार 130 से 150 किमी प्रति घंटा हो जाएगी।

भुवनेश्वर में मौसम केंद्र के निदेशक एच आर बिस्वास ने बताया कि इसके बाद चक्रवात के ओडिशा पार करके पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है तथा उसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। मौसम विभाग ने मछली पकड़ने के लिए ना जाने तथा तट पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। ओडिशा सरकार राज्य में भारी बारिश के मद्देनजर बाढ़ की आशंका को लेकर भी सतर्क है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में पहले ही हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।

फिलहाल यह उत्तर-पश्‍चिम की ओर बढ़ रहा है लेकिन गुरुवार को इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने की आशंका है। यदि ऐसा होता है तो झारखंड, बिहार और पश्‍चिम बंगाल में इसका व्यापक परिणाम देखने को मिल सकता है। इसका असर पूरे झारखंड में नजर आएगा। इधर , भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवातीय तूफान के 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गुरुवार सुबह तक ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के कलिंगापत्तनम के बीच पहुंचने की संभावना है।