Follow Us:

बोर्ड परीक्षाओं में नकल नहीं कर पाएंगे छात्र, तीसरी आंख के पहरे में होगी परीक्षा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

प्रदेश के स्कूलों में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में इस बार छात्र नकल नहीं कर पाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों में उचित किए हैं। प्रदेश के 50 फीसदी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम विभाग ने पूरा कर दिया है।

मार्च माह में होने वाली बोर्ड की परिक्षाओं से पहले स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाना शिक्षा विभाग ने जरूरी किया है। अभी तक 1500 हाई और सेकेंडरी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। राज्य में लगभग 2800 के करीब हाई और सेकेंडरी स्कूल हैं। स्कूलों को अपना बजट खर्च कर ही कैमरे लगाने होंगे। शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि जिन स्कूलों के पास बजट नहीं है, वे स्कूल भी शिक्षा विभाग को डिमांड भेजे और परीक्षाओं से पहले सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पूरा करें। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने भी कई स्कूलों में अपना बजट खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे।

हाइकोर्ट ने भी सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी लगाने आवश्यक बताया था। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने बोर्ड की परिक्षाओं में सीसीटीवी कैमरा लगाए हैं। इनके लगने के बाद अब नकल पर नेकल कसी जाएगी और हर साल जिलों से नकल के आने वाले मामलों में भी रोक लगेगी। हालांकि, सरकारी स्कूलों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे केवल शहरी स्कूलों में ही लग पाए हैं। जिन स्कूलों में अभी तक कैमरे नहीं लगे है, वो ज्यादातर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के हैं।

उच्च शिक्षा निदेशालय में रोजाना सीसीटीवी कैमरों को लेकर अपडेट आ रही है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद यह भी निर्देश दिए हैं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्कूलों में एक्स्ट्रा कक्षाएं लगाई जाएं। वहीं, जिस विषय में छात्र कमजोर हैं उस विषय पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश विभाग ने दिए हैं।

स्कूल प्रबंधन को परिक्षाओं से पहले छात्रों को सीसीटीवी कैमरे के बारे में सकारात्मक तरीके से बताना होगा।

परीक्षाओं में छात्रों को सीसीटीवी कैमरे से कोई डर न लगे इसके लिए उन्हें उसके फायदे काउंसलिंग के जरिए बताने होंगे। इसके साथ ही अगर परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों के साथ कोई छेडख़ानी की गई तो ऐसे में स्कूल प्रीसिंपल पर कार्रवाई की गाज गिरेगी।

उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.अमरजीत शर्मा ने बताया कि राज्य के 50 प्रतिशत सरकारी स्कूलों के परीक्षा केंद्रो में सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। बाकी स्कूलों को भी मार्च से पहले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।