Follow Us:

BRO डीजी ने रोहतांग सुरंग का निरीक्षण कर बढ़ाया अधिकारियों और कामगारों का हौंसला

गौरव, कुल्लू |

बीआरओ डीजी लेफ्टिनेंट जनरल हरनाम सिंह एक दिवसीय दौरे पर आज सुबह हवाई सेवा से मनाली पहुंचे। उन्होंने रोहतांग सुरंग के दोनों छोर साउथ और नार्थ पोर्टल में जाकर कार्य का जायजा लिया और सुरंग में काम कर रहे कामगारों को कंबल भी वितरित किये। उन्होंने सुरंग में काम कर रहे कामगारों का हौंसला भी बढ़ाया और यथासंभव मदद का आश्वासन भी दिया। डीजी ने बीआरओ के अधिकारियों सहित स्ट्रॉबेग, एफकॉन और स्मेक कंपनी के अधिकारियों संग बैठक आयोजित की और सभी हालात से अवगत हुए। रोहतांग सुरंग के चल रहे कार्य पर उन्होंने संतुष्टि जताई और अधिकारियों का हौंसला भी बढ़ाया।

बीआरओ रोहतांग सुरंग परियोजना के चीफ इंजीनियर चंद्र राणा ने रोहतांग सुरंग में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोहतांग सुरंग का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सुरंग देश को समर्पित कर दी जाएगी। राणा ने बताया कि सुरंग की खुदाई का अधिकतर कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि फनिशिंग के कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साल सितंबर महीने में सुरंग के दोनों छोर जोड़ लिए गए थे तब से आपात स्थिति में लाहुल के लोगों को आने जाने की सुविधा भी प्रदान करवाई गई है।