Follow Us:

मंडी के हणोगी में बनेगा प्रदेश का पहला केबल स्टेयड ब्रिज

पी. चंद |

मंडी जिले के हणोगी में प्रदेश का पहला केबल स्टेयड ब्रिज बनने जा रहा है। सीएम जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को इस पुल की आधारशिला रखी। पुल का निर्माण 15 करोड़ 85 लाख की लागत से किया जाएगा और यह पुल द्रंग विधानसभा क्षेत्र को सराज विधानसभा क्षेत्र से जोड़ेगा। अभी इन दोनों क्षेत्रों को आपस में फुटब्रिज जोड़ता है जबकि भविष्य में दोनों क्षेत्रों के लोग सड़क सुविधा का लाभ उठा पाएंगे।

सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र सराज के कुछ इलाके अभी तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं जबकि इस पुल के बन जाने से वहां के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। जयराम ठाकुर ने बताया कि यह प्रदेश में नई तकनीक वाला पहला पुल होगा।

गौरतलब है कि इस प्रकार के केबल स्टेयड ब्रिज मुंबई और समुद्र के साथ सटे शहरों में बनाए जाते हैं। पुल के सारे भार को लोहे के रस्सों पर डाला जाएगा। यह पुल डबल लेन होगा और इसमें सौर ऊर्जा के आधुनिक उपकरण भी लगाए जाएंगे, जो अंधेरा होते ही पूरे पुल को रोशनी से जगमग कर देंगे।

सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि यह पुल इलाके के पर्यटन विकास में भी अपना अहम योगदान देगा, क्योंकि यह पुल फोरलेन के साथ सटा होगा। उन्होंने बताया कि अभी जो फुटब्रिज यहां पर है उसे वैसे ही रखा जाएगा और उसके समानांतर डबल लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने बताया कि पुल के निर्माण कार्य को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि जल्द से जल्द इसका लाभ यहां के लोगों को दिया जा सके।