Follow Us:

कुल्लू: लाहौल स्पीति के लिए हवाई सेवाएं शुरू

गौरव, कुल्लू |

जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। शनिवार को भुंतर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर ने पहली उड़ान उदयपुर के लिए भरी जिसमें 24 लोग सवार होकर उदयपुर के लिए रवाना हुए। जानकारी के अनुसार उदयपुर से भुंतर के लिए 10 यात्रियों को लाया जाना है।

उड़ान प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि भुंतर से लाहौल स्पीति के लिए उड़ाने शनिवार से आरंभ कर दी गई है। अब शैडयूल के आधार पर घाटी के अलग अलग हेलीपैड के लिए उड़ान भरी जाएंगी। उन्होंने बताया कि घाटी के लिए शैडयूल के आधार पर होने वाली उड़ाने मौसम पर निर्भर रहेगी।

गौरतलब है कि लाहौल स्पीति को कुल्लू और शेष दुनिया से जोड़ने वाले रोहतांग दर्रा में बर्फबारी होने से लाहौल वासियों का संपर्क शेष दुनिया से कटा हुआ है। यह स्थिति आने वाले चार से पांच महीनों तक बनी रहेगी। लिहाजा इन महीनों में घाटी के लोगों का कुल्लू आने और जाने का साधन एकमात्र हेलीकॉप्टर ही रहेगा।

प्रदेश सरकार के जनजातीय विभाग ने घाटी के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की है। इसमें घाटी के लोग सस्ती दरों पर लाहौल स्पीति आ जा सकते हैं।