Follow Us:

जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए हिमाचल के जवान को अंतिम विदाई, CM ने जताया शोक

मृत्युंजय पुरी, धर्मशाला |

शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब शहीद सपन चौधरी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। देश के लिए शहीद हुए जवान को हजारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। शहीद अपने पीछे दो बेटे और पत्नी छोड़ गए हैं।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हिमस्खलन की चपेट में आने से शहीद हुए हिमाचल के जवान सपन चौधरी का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपट कर शुक्रवार को उनके पैतृक गांव फतेहपुर के सिहाल में पहुंचा। जैसे ही शहीद बेटे का शव घर पहुंचा तो उसकी मां बिलख-बिलख कर रोने लगी। शहीद की मां को इस तरह बिलाप करते देखकर लोगों की आंखों से भी आंसू छलक आए।

CM ने जताया शोक

सीएम जयराम ठाकुर ने भी शहीद सपन चौधरी की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में हिमस्खलन की चपेट में आने से कांगड़ा से संबंध रखने वाले लान्स नायक सपन चौधरी के शहीद होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे व शोकग्रस्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुःख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ हैं।