Follow Us:

हिमाचल में जमकर हो रही बर्फ़बारी, पर्यटक उठा रहे बर्फ़बारी का आनंद

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। शिमला मनाली, लाहौल, डलहौजी, किन्नौर सहित सभी पहाड़ी क्षत्रों में बर्फ गिर रही है। जिससे प्रदेश के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बारिश और बर्फबारी का यह दौर अभी 2 से 3 दिनों तक चलेगा। पश्चिमी हवा सक्रिय होने से तापमान में आई गिरावट से समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है।

ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है। मनाली और रोहतांग में भारी बर्फबारी जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में शनिवार सुबह हिमपात का दौर शुरू हो गया है। वहीं रोहतांग दर्रे में भी अभी तक करीब 3 फुट ताजा हिमपात हो गया है। पर्यटन नगरी मनाली के कोठी, गुलाबा सोलंग नाला में भी आधा फुट बर्फ गिर चुकी है और आसमान से सफेद फाहों के गिरने का दौर जारी है। वहीं सोलंग नाला, गुलाबा, कोठी में हिमपात का मजा लेने गए सैलानी वहीं पर फंस गए हैं।

शिमला में इस साल की पहली बर्फबारी हुई है। आसमान से बर्फ की फाहे गिर रहे हैं। बर्फ देखने की हसरत लिए शिमला पहुंचे पर्यटक भी काफी खुश नजर आ रहे हैं। पर्यटकों ने जैसे ही रिज मैदान में बर्फ के गिरते हुए फाहे  देखे वह ख़ुशी से झुमने लग गए। शिमला पहुचे पर्यटकों का कहना है कि उनकी जो मुराद थी वो पूरी हो गई है। बर्फ की उम्मीद लेकर वे शिमला आये थे और आज यहां बर्फबारी हो रही है।