Follow Us:

अब दौलतपुर से दिल्ली के लिए चलेगी ट्रेन, रेल राज्य मंत्री ने किया उद्घाटन

रविंद्र |

रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने देवभूमि हिमाचल में करोड़ो की सौगात दी है। अब अंब-अंदौरा के बाद दौलतपुर और मां चिंतपूर्णी का दरबार भी देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ गया है। अंब-अंदौरा से चिंतपूर्णी और दौलतपुर से रेल लाइन को जोड़ दिया गया है। आज इसका विधिवत शुभारंभ रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने किया। हालांकि अभी तक इसका विद्युतीकरण नहीं किया गया है। सांसद अनुराग ठाकुर ने अब रेल मंत्री के समक्ष दौलतपुर को तलवाड़ा से जोड़ने की मांग रखी है। साथ ही इसके विद्युतीकरण की मांग भी रखी है ताकि अंब में आकर इंजन न बदलना पड़े। इस विद्युतीकरण पर लगभग 35 करोड़ का खर्चा अनुमानित हैं।

इस मौके पर मनोज सिन्हा ने कहा कि जो भी घोषणाएं हम कर रहे हैं उनको जल्द ही पूरा करके दिखाएंगे। यात्री सुविधाओं में विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी मांगे सांसद अनुराग ठाकुर ने उठाई हैं उनको पूरा किया जाएगा। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि आजादी के बाद यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई है लेकिन सुविधाएं कम बड़ी हैं। हमारा प्रयास है कि हम इन सुविधाओं को बढ़ाएं।

सिन्हा ने कहा कि आज जो नया रेल ट्रैक खुला है वह कनेक्टिविटी को गति प्रदान करेगा। दौलतपुर से मुकेरिया तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। मुकेरिया से तलवाड़ा तक का टेंडर अगले दो महीने में हो जाएगा। हिमाचल में जमीन अधिग्रहण का काम हो गया है जबकि पंजाब में अधिग्रहण का काम चला हुआ है। ऊना हमीरपुर का फाइनल सर्वे कर लिया गया है और उना-होशियारपुर का फाइनल सर्वे जल्द किया जाएगा। जल्द ही रेलवे बोर्ड इसे स्वीकृत करेगा। मोदी सरकार ने चारों धामों को रेल सुविधा से जोड़ने का काम शुरू कर दिया है।

मनोज सिनहा ने मुस्लिम समुदाय के लिए जो ओवर फुट ब्रिज बनाने की मांग रखी उसे जल्द ही पूरा कर दिया जाएगा। इसके अलावा सांसद अनुराग ने डेरा बाबा रुद्रानन्द में हालट बनाये जाने की मांग की है। जिसे मनोज सिन्हा ने जल्द ही पूरा करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्पूर्ण विकास हो रहा है और आगे भी ऐसा ही होगा।