Follow Us:

हिमाचल में बारिश से हुई थी भारी तबाही, केंद्र ने दी 317 करोड़ की सहायता राशि को मंजूरी

समाचार फर्स्ट |

केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 317 करोड़ रुपए की सहायता राशि मंजूर की है। यह सहायता राशि पिछले साल हुई बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए है। इससे पहले केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को इन्हीं दो मदों में 122 करोड़ रुपए जारी किए थे।  गौर रहे कि हिमाचल में बारिश की तबाही से न सिर्फ लोगों की जानें गईं, बल्कि हजारों करोड़ रुपयों को नुकसान भी हुआ था।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में मंगलवार को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से धनराशि जारी करने का फैसला लिया गया। इस कोष से हिमाचल के अलावा 5 और राज्यों, एक केंद्र शासित प्रदेश को राहत सहायता दी गई है।

गौरतलब है कि सीएम जयराम ठाकुर ने बताया था कि हिमाचल में मानसून सीजन में 1479 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। इसमें हाल ही में हुई भारी बर्फबारी और बारिश से करीब 220.29 करोड़ का नुकसान भी शामिल है। वहीं उस समय भी केंद्र सरकार ने पहली किस्त के रूप में 122 करोड़ की राशि पुनर्वास कार्यों के लिए जारी कर दी थी। वहीं पिछले साल हुई बारिश के कारण राज्य को 1217 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था।