Follow Us:

‘भाभी जी’ ने थामा कांग्रेस का हाथ, संजय निरुपम की उपस्थिति में जॉइन की पार्टी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

टेलिविजन की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शिंदे कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं। मंगलवार को शिल्पा शिंदे ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम की उपस्थिति में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस दफ्तर जाकर पार्टी जॉइन की।  

शिल्पा शिंदे टेलिविजन के मशहूर सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ में ‘अंगूरी भाभी’ नाम के किरदार की भूमिका निभा चुकी हैं, हालांकि 2016 की शुरुआत में उन्होंने इस सीरियल को छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने मशहूर टीवी रियल्टी शो ‘बिग बॉस’ के 11वें संस्करण में भाग लिया और जनवरी 2018 में इसकी विजेता बनीं। शिल्पा शिंदे ने 1999 में अपने टेलिविजन करियर की शुरुआत की थी।

माना जा रहा है कि शिल्पा शिंदे को 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया जा सकता है। इतना ही नहीं शिल्पा शिंदे की लोकप्रियता को ध्यान में रखकर कांग्रेस उनसे प्रचार में मदद ले सकती है।

शिल्पा शिंदे का जन्म 28 अगस्त 1977 को महाराष्ट्र के एक मध्यवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता डॉ. सत्यदेव शिंदे हाई कोर्ट में जज थे, जबकि उनकी मां गीता सत्यदेव शिंदे एक गृहिणी हैं। शिल्पा की दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है। वो केसी कॉलेज, मुंबई की मनोविज्ञान की छात्र थीं, लेकिन स्नातक की डिग्री प्राप्त करने में असफल रहीं। उसके पिता चाहते थे कि वह कानून की पढ़ाई करे, लेकिन उसमें उनकी कोई दिलचस्पी नहीं थी।