Follow Us:

पहली बार अंतराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी करेंगी महिला कबड्डी टीम का नेतृत्व

सुनील ठाकुर, बिलासपुर |

इतिहास में पहली बार अंतराष्ट्रीय स्तरीय स्टार कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश पुलिस महिला कबड्डी टीम जयपुर में आयोजित होने वाली पुलिस नेशनल मीट में भाग लेगी। पुलिस महिला टीम बिलासपुर के लुहणू मैदान पर पुलिस निरीक्षक और अंतराष्ट्रीय स्तरीय स्टार कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी के नेतृत्व में कड़ा अभ्यास कर खूब पसीना बहा रही है। पुलिस महिला कबड्डी टीम को पूरा विश्वास है कि प्रदेश को अवश्य मैडल जीतकर लाएंगी।

विशेष बात यह है कि पुलिस महिला कबड्डी टीम का नेतृत्व अंतराष्ट्रीय स्तरीय स्टार कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी कर रही हैं जोकि वर्तमान समय में बिलासपुर में बतौर पुलिस निरीक्षक हैं। प्रियंका नेगी ने बताया कि साल 2016 में उसकी पोस्टिंग बतौर उप निरीक्षक हुई थी। उसे यह जान कर बहुत दुःख हुआ कि पुलिस विभाग की कबड्डी खेल के क्षेत्र में अपनी महिला टीम नहीं है। उसी दिन से मैंने प्रण किया कि पुलिस विभाग की भी महिला टीम अवश्य तैयार करूंगी। इस प्रस्ताव को उसने उच्च पुलिस अधिकारीयों के समक्ष रखा उन्होंने पुलिस महिला कबड्डी खिलाड़ियों पर विश्वास जताकर टीम तैयार करने की स्वीकृति दी जोकि पुलिस के उच्च अधिकारीयों का सराहनीय कदम है। इससे महिला खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है।

वहीं दूसरी ओर पुलिस महिला कबड्डी टीम के प्रशिक्षक ओ पी वशिष्ठ और पुलिस महिला कबड्डी खिलाड़ी पूजा वर्मा ने कहा कि जयपुर में पुलिस नेशनल मीट का आयोजन 27 फरवरी से 3 मार्च तक होगा। बिलासपुर में पुलिस महिला टीम एसपी अशोक कुमार की देख रेख में लुहणू मैदान पर अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों की भी पुलिस महिला खिलाड़ियों पर विश्वास जताने और राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी टीम को भाग लेने के प्रति किए गए प्रबंध और स्वीकृति प्रदान करने की सराहना की है। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि पुलिस महिला कबड्डी टीम प्रदेश को अवश्य मैडल दिलवाएगी।