Follow Us:

शिमला: कांग्रेस की टिकट पर आज दिल्ली में मंथन, प्रदेश के बड़े नेता दिल्ली रवाना

पी. चंद |

बीजेपी ने चारों सीटो पर अपने महारथी चुनावी मैदान पर उतार दिए हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी अपनी स्थिति साफ़ नहीं की है। कांग्रेस पार्टी दिल्ली में आज टिकट पर मंथन करेगी। उम्मीद की जा रही है कि आज कांग्रेस की टिकटों पर मोहर लग सकती है। कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मंथन के बाद हिमाचल पर आज कोई फैसला हो सकता है। जिसके लिए कांग्रेस के आला नेता दिल्ली रवाना चुके हैं। दोपहर बाद मीटिंग के बाद देर शाम दिल्ली से टिकट की घोषणा ही सकती है।

शिमला से बीजेपी ने तो सुरेश कश्यप नया चेहरा देकर कांग्रेस को चुनौती दे दी है। कांग्रेस शिमला से धनी राम शांडिल को उम्मीदवार बना सकती है। वैसे शिमला से विनोद सुल्तानपुरी, अमित नंदा और सोहन लाल टिकट की लॉबिंग कर रहे हैं। मंडी पर सबकी नजरें टिकी हैं। बीजेपी ने तो एक बार फिर रामस्वरूप शर्मा पर भरोसा जताया है। नाराज़ सुखराम यदि कांग्रेस में वापिसी करते हैं तो उनके परिवार की टिकट पक्की मानी जा रही है। जिसकी संभावना कम नज़र आ रही है। हां कौल सिंह ठाकुर भी उम्मीदवार हो सकते हैं लेकिन कहा जा रहा है कि वह चुनाव लड़ने में ज़्यादा रुचि नहीं दिखा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य सिंह के नाम की चर्चा भी जोरों पर है। इसके अलावा भी कांग्रेस कोई अन्य विकल्प मंडी से दे सकती है।

हमीरपुर लोकसभा में सबसे ज्यादा असमंजस की स्थिति है। कांग्रेस 3 बार लगातार सासंद रहे अनुराग ठाकुर का तोड़ नहीं खोज पा रही है। उनके ख़िलाफ़ राजिंद्र राणा और उनके पुत्र अभिषेक राणा चुनावी दौड़ में है। सुखविंदर सिंह सुख्खू और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के बीच भी टिकट को लेकर जंग तेज है लेकिन दोनों ही चुनाव लड़ने से गुरेज़ कर रहे हैं। ऐसे में आलाकमान यदि टिकट थोपती है तो इनमें से भी प्रत्याशी हो सकता है। सुरेश चंदेल का नाम भी सुर्खियों में है लेकिन संभावना न के बराबर है।

उधर कांगड़ा लोकसभा सीट पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बीजेपी ने शांता कुमार की टिकट काटकर गद्दी नेता किशन कपूर पर दांव खेल दिया है। वीरभद्र सिंह कांगड़ा से सुधीर कुमार को कांग्रेस की टिकट देने की पैरवी कर रहे हैं। जीएस बाली यदि चुनाव लड़ने के लिए हामी भरते हैं तो वह भी कांगड़ा से सशक्त उम्मीदवार माने जा रहे हैं। यदि कांग्रेस महिला कार्ड खेलती है तो आशा कुमारी को टिकट मिल सकती है। हां पवन काज़ल और चंद्र कुमार का नाम भी टिकट की दौड़ में चल रहा है। इतना जरूर है कि अभी तक किसी का नाम फाइनल नहीं है।