Follow Us:

कांग्रेस देशहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहती है: CM जयराम

गौरव, कुल्लू |

कुल्लू में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल के सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहती है और इसके लिए कांग्रेस के नेता किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। जयराम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र-2019 में वादा किया है कि सशस्त्र बलों (विशेष शक्ति) अधिनियम, 1958 में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा निर्णय है, जिससे जवानों की शक्तियां कम हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में यह भी घोषणा की है कि देशद्रोह के अपराध को परिभाषित करने वाली भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस देशद्रोहियों के हाथ मजबूत करना चाहती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जहां देश को मजबूत करना चाहते हैं। वहीं कांग्रेस के नेता ऐसे निर्णय लेने की बात कह रहे है जो भारत की एकता एवं अखण्डता के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि आज देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे सशक्त और ओजस्वी नेतृत्व की आवश्यकता है ताकि एक मजबूत भारत का निर्माण हो सके।

(आगे की खबर के लिए विज्ञापन के नीचे स्क्रॉल करें)

जय राम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र की  मोदी सरकार ने प्रत्येक वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। आज भारत विश्व की एक बड़ी शक्ति के रूप में उभरा है और इसका श्रेय केन्द्र सरकार की विकास योजनाओं को जाता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे विकास की गति को निरतंर बनाए रखने के लिए भाजपा को अपना समर्थन दें। रामस्वरूप ने हर संभव काम किया है मुख्यमंत्री ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने बतौर सांसद मंडी लोकसभा क्षेत्र का हरसंभव विकास किया है।

उन्होंने कहा कि रामस्वरूप एक सरल स्वभाव के ईमानदार व्यक्ति है, जो क्षेत्र के विकास के लिए निरतंर प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें फिर से जीताने के लिए पार्टी कार्यकर्ता प्राथमिकता से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव में रामस्वरूप शर्मा को कुल्लू से ऐतिहासिक जीत दिलाएं।