Follow Us:

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज अमेठी से भरेंगे नामांकन

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस अध्यक्ष आज अमेठी से नामांकन भरेंगे। उनके साथ मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी भी रहेंगी। नामांकन भरने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष एक रोड शो भी करेंगे। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष के नामांकन भरने के दौरान पार्टी के कई बड़े चेहरे साथ हो सकते हैं।

बहन प्रियंका के साथ अमेठी में करेंगे रोड शो

केरल के वायनाड से पर्चा भरने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष आज अमेठी से भी नामांकन दाखिल करेंगे। सुबह करीब 9:30 बजे वह विशेष विमान से बहन प्रियंका और मां सोनिया गांधी के साथ अमेठी पहुंचेंगे। राहुल गांधी पर्चा भरने के पहले एक रोड शो करेंगे। अभी मिली जानकारी के अनुसार वह मुंशीगंज-दरपीपुर-के रास्ते होते हुए गौरीगंज नगर में जाएंगे। माना जा रहा है कि नामांकन भरने से पहले रोड शो के जरिए समर्थकों को लुभाने की कोशिश की जाएगी। राहुल के रोड शो और नामांकन भरने में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं।

2004 से अमेठी से चुनकर आ रहे हैं कांग्रेस अध्यक्ष

राहुल गांधी अमेठी से लगातार 3 बार सांसद चुने गए हैं। 2004 में उन्होंने पहली बार यहां से जीत हासिल की थी। फिर 2009 में और 2014 में भी वह इस सीट से संसद पहुंचे। 2014 में बीजेपी ने राहुल के खिलाफ स्मृति इरानी को टिकट दिया था। स्मृति के लिए चुनाव प्रचार करने खुद पीएम नरेंद्र मोदी भी अमेठी गए थे। इस बार भी राहुल के सामने स्मृति इरानी चुनौती देंगी।