Follow Us:

हिमाचल फ़तह करने पर बल दे रहे CM, कांगड़ा प्रत्याशी के लिए की वोट अपील

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री इन दिनों मोदी के मिशन रिपीट पर जोरों से काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में मोर्चा संभाला हुआ है और वे एक के बाद एक अलग-अलग जगहों पर जाकर पार्टी और प्रत्याशियों के लिए वोट अपील भी कर रहे हैं। बुधवार को जयराम ठाकुर कांगड़ा संसदीय के सुलह में पहुंचे जहां उन्होंने मोदी की नीतियों को गुणगान किया और साथ ही साथ बीजेपी प्रत्याशी किशन कपूर के लिए वोट अपील की।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का राजनीति में बहुत महत्व है। इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व वर्षों से बीजेपी के वरिष्ठ नेता शान्ता कुमार करते आए हैं और यह क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है कि आज भी हमें उनका स्नेह और मार्गदर्शन मिल रहा है। इस बार कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से वरिष्ठ बीजेपी नेता किशन कपूर प्रत्याशी है, जो कर्मठ और ईमानदार होने के साथ-साथ एक स्वच्छ छवि के नेता है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि इस बार लोकसभा चुनाव कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी किशन कपूर को ऐतिहासिक जीत दिलाएं।

कांग्रेस पर साधा निशाना

जय राम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने मात्र 5 साल के कार्यकाल में देश को अलग पहचान देने का कार्य किया है जबकि पूर्व में कांग्रेस सरकार लगातार 10 वर्षों तक सत्ता में रही है करोड़ों रुपये के घोटालों के अलावा कुछ भी नहीं किया। किसानों के सम्मान में मोदी सरकार ने महत्वपूर्ण योजना शुरू की है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजना से हिमाचल के लाखों किसान परिवार भी लाभान्वित होंगे। वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए बीजेपी प्रतिबद्ध है।