Follow Us:

पहले चरण का चुनाव संपन्न, 5 लोगों की जान पर पड़ा भारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया है। हालांकि उत्तरी भारत के कई राज्यों में अभी भी पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइनें लगी हैं। 20 राज्यों में 91 सीटों पर हुआ मतदान कई जगहों पर घातक हो गया। आंध्र प्रदेश के अनंतपुरमु जिले में वोटिंग के दौरान हुई झड़प में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और वाईएसआर कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। हालांकि, मौके पर सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे, लेकिन झड़प को कंट्रोल करने में नाकामयाब रहे।

साथ ही की जगहों पर मतदान में गड़बड़ी भी सामने आई है। आंध्रप्रदेश में हुई ये ख़ूनी झड़प भी चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगने पर ही शुरू हुई थी। वहीं महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में मतदान कर वापस लौट रहे गांव के लोगों का ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 9 लोग ज़ख़्मी हुए हैं।

यहां हुआ पहले चरण का मतदान

पहले चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25, तेलंगाना की सभी 17, असम की 5, बिहार की 4, ओडिशा की 4, छत्तीसगढ़ की 1, जम्मू कश्मीर की 2, महाराष्ट्र की 7, अरुणाचल की 2, मणिपुर की 2, मेघालय की 2, नगालैंड, मिजोरम, सिक्किम व त्रिपुरा की 1-1, उत्तर प्रदेश की 8, उत्तराखंड की 5, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप की 1-1 और पश्चिम बंगाल की 2 लोकसभा सीटों के लिए मतदान किया जा रहा है।