Follow Us:

शिमला में कांग्रेसियों ने शव यात्रा निकालकर फूंका सत्ती का पुतला

पी. चंद, शिमला |

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी का कांग्रेस में विरोध लगातार जारी है। कांग्रेस पूरे प्रदेश में सत्ती के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में शिमला में कांग्रेस ने सत्ती का पुतला बनाकर उसे जूतों का हार पहनाया और शव यात्रा निकालकर डीसी ऑफिस के  बाहर सत्ती का पुतला फूंका।

ऊना में जलाया सत्ती का पुतला, पुलिस और कांग्रेस के बीच कहासूनी

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती द्वारा राहुल गांधी के बारे में की गई टिप्पणी पर कांग्रेसियों का गुस्सा सातवें आसमान पर हैं। ऊना मुख्यालय पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजू पराशर, एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी, विधायक सतपाल सिंह रायजादा के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने पूतला फूंका। इसी बीच पुलिस कर्मियों ने पुतले को बुझाने का प्रयास किया।

इसी बात को लेकर पुलिस व कांग्रेसियों में कहासूनी व गहमा गहमी भी हुई। माहौल पुरी तरह गर्माया रहा। जब पुतले को आग लगाई गई तो पुलिस कर्मी ने आग को बुझाने के लिए पुतले पर लात मारी तो पुतला फुददकर कांग्रेसी कार्यकर्ता के उपर गिर गया। जिससे उसे चोट भी पहुंची हालांकि एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस कर्मियों व कांग्रेसियों में इसको लेकर काफी कहासूनी हुई।

गौरतलब है कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भरी जनसभा में मां की गाली निकाली थी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि सोमवार को सत्ती ने अपने इस बयान पर सफाई देते हुए कहा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति द्वारा डाली गई टिप्पणी का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी का सम्मान करता हूं और मेरा उनके साथ किसी प्रकार का विरोध नहीं है।