Follow Us:

प्रदेश में नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप पूरे उबाल पर, सियासी तापमान तोड़ रहा पिछले सारे रिकॉर्ड

रविंद्र |

जिला ऊना के हरोली में कांग्रेस के ओबीसी सम्मेलन का आयोजन किया गया। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए वहीं कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने बीजेपी प्रदेश सतपाल सत्ती की विवादित टिप्पणियों पर उनका मानसिक संतुलन खराब होने की बात कही है, हालांकि उन्होंने सत्ती की जुबान काटने पर इनाम की घोषणा करने वाले कांग्रेस नेता विनय शर्मा को गलत बताया है।

सत्ती का बचाव करना मुख्यमंत्री की मजबूरी

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बीजेपी प्रदेश सतपाल सत्ती की विवादित टिप्पणियों पर उनका मानसिक संतुलन खराब होने का दावा किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा सत्ती का बचाव करने को उनकी मजबूरी करार दिया। वीरभद्र ने हालांकि सत्ती की जुबान काटने पर इनाम की घोषणा करने वाले कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता विनय शर्मा की आलोचना करते हुए उनकी टिप्पणी को गलत बताया है।

प्रदेशाध्यक्ष ने की RSS संगठनों की तारीफ

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौड़ ने हैरतअंगेज़ रूप से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती की विवादित टिप्पणियों पर उनकी आलोचना करते हुए कांग्रेस विचारधारा के विपरीत जाकर RSS की प्रशंसा कर डाली। राठौड़ ने RSS को देश में अच्छे संस्कार देने वाला और बेहतर संस्कृति निर्माण वाला संगठन बताया है। उन्होंने सतपाल सत्ती पर RSS संगठन की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने सत्ती की जुबान काटने वाले को इनाम की घोषणा करने वाले कांग्रेस नेता विनय शर्मा को भी गलत ठहराया। जबकि ऐसी ही भाषा का प्रयोग करने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज भारती को उनके द्वारा पार्टी सदस्य नहीं होने के दावे के बाद भारती और उनके परिवार द्वारा पलटवार कर उनके दावे को गलत कहने के बाद उठे विवाद को चुनावों के बाद ही कुछ कहने की बात कही और इस पर टिप्पणी से बचते दिखे।