Follow Us:

हार नजदीक आते देख लोगों को गुमराह कर रही कांग्रेस: CM जयराम

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के राजा का तालाब में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि मोदी सरकार का 5 साल का कार्यकाल कांग्रेस के 60 सालों के कार्यकाल से कहीं बेहतर रहा है और देश की जनता भी यह स्वीकार कर चुकी है। जयराम ठाकुर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी हार नजदीक आता देख विपक्ष के नेता लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकसित भारत की नींव रखी गई है और आने वाले पांच वर्षों में हमारा देश विश्व का अग्रणी देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने मन बना लिया है कि मोदी को पुनः देश की कमान संभाली जाए। उन्हांने कहा कि मोदी सरकार ने देश को मजबूती दी है और आज भारत शक्तिशाली देशों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और यह देखकर कांग्रेस के नेता घबरा गए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद की राजनीति कर रही है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्हांने कहा कि ऐसी राजनीति पर हमेशा के लिए अंकुश लगना चाहिए तथा इसके लिए लोकसभा चुनाव में भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाना होगा। उन्हांने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के विकास को गति देने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी किशन कपूर अनुभवी एवं ईमानदार नेता हैं। उन्हांने कहा कि किशन कपूर जनता की आकांक्षाओं से भलीभांति परिचित हैं ऐसे में वे जनता की आवाज को संसद में प्रभावशाली ढंग से उठाएंगे।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को फतेहपुर से ऐतिहासिक बढ़त दिलाएं ताकि सरकार आने वाले समय में फतेहपुर की मांगों को प्राथमिकता से पूरा कर सकें।