Follow Us:

PM मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरी दुनिया को दिखाई ताकत: धूमल

नवनीत बत्ता |

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत स्पेस पावर में दुनिया की चौथी महाशक्ति बन गया है, जिसने एंटी सैटेलाइट मिसाइल के जरिए दुनिया को अपनी ताकत तो दिखाई ही है, साथ ही चीन को भी स्‍पष्‍ट संकेत दे दिया है कि वह भारत के ऊपर मंडराने वाले जासूसी उपग्रहों को खतरा महसूस होने पर मार गिराने से भी गुरेज नहीं करेगा। धूमल ने कहा कि अब तक अंतरिक्ष में मार करने की शक्ति केवल अमेरिका, रूस और चीन के पास ही थी। लेकिन भारत ने अंतरिक्ष में मार करने वाली एंटी सैटेलाइट मिसाइल का सफल प्रयोग करके दुनिया का चौथा ऐसा देश बनने का गौरव हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा पहले सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए सीमा पार करके आतंकी शिविरों को नष्ट करना और फिर स्पेस पावर बनकर दुनिया में भारत की पताका फहराना मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में ही संभव हो पाया है, जिसपर हर देशवासी को नाज़ है। उन्होंने कहा एक कांग्रेस का कमजोर शासन था, जब पाकिस्तान हमारे सैनिक हेमराज का सिर कटा शरीर भारत को लौटाता था और एक मोदी जी का मजबूत नेतृत्व है, जब हमारे जांबाज पायलट अभिनंदन को 48 घंटे के भीतर सकुशल लौटाने के लिए पाकिस्तान मजबूर हो जाता है। उन्होंने कहा देश की जनता ऐसा ही मजबूत नेतृत्व चाहती है और इसीलिए मोदी जी के हाथ से एक बार फिर से देश की कमान सौंपने को जनता आतुर है।

धूमल ने कहा पिछले 5 साल के दौरान जहां पूरे देश ने विकास की नई रफ्तार देखी है। वहीं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में भी विकास के नए मील पत्थर मोदी सरकार के कार्यकाल में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा आजादी के बाद हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तीनों जिला मुख्यालयों को ट्रेन के साथ जोड़ा जा रहा है। शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में भी इस संसदीय क्षेत्र में नई क्रांति आई है और देश के नामी संस्थान इस संसदीय क्षेत्र को मिले हैं।