Follow Us:

हार के बाद कांग्रेस ने बंधाया राहुल गांधी को ढांढस, कहा- आप ही दिला सकते हैं मजबूत नेतृत्व

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शिमला ज़िला शहरी और ग्रामीण में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के बाहर एक सभा का आयोजन कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से अपना इस्तीफा वापस लेने की गुहार लगाई। साथ ही उन्होंने ढांढस बंधाते हुए कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता किसी भी संघर्ष या बलिदान के लिये तैयार हैं। लोकसभा में पार्टी की हार से निराशा तो हुई है पर हताशा बिल्कुल नहीं।

बैठक में विशेष तौर पर शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सभा को आश्वासन दिया कि उनकी भावना को वह राहुल गांधी को पहुचायेंगे। पार्टी के लिए यह परीक्षा की घड़ी है और इसमें हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना है। कांग्रेस पार्टी को आज बहुत मजबूत नेतृत्व की आवश्कता है जो राहुल गांधी ही दे सकते हैं। चुनावों में जीत-हार कोई स्थाई नहीं है। आज हारे हैं तो कल जीतेगें भी।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनव चंदेल ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस पूरी तरह अपने राष्ट्रीय नेतृत्व राहुल गांधी के साथ खड़ी है। इस समय देश को विशेष तौर पर कांग्रेस पार्टी को मजबूत नेतृत्व की बहुत आवश्कता है जो राहुल गांधी ही दे सकते हैं। इसलिए उन्हें अपना इस्तीफा पार्टी और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखते हुए तुरंत वापस लेना चाहिए। देश के लोग विशेषकर युवाओं को उन से बहुत सी अपेक्षाएं हैं जिन्हें उन्हें पूरा करना हैं।