Follow Us:

समर फेस्टिवल के लिए विशेष HRTC बस चलेगी, आदेश जारी

पी. चंद |

अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल में आमजन की सुविधा के लिए प्रदेश पथ परिवहन निगम द्वारा विशेष बस सेवा संचालित की जाएगी। यह जानकारी हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने दी। देवासेन नेगी ने कहा कि आयोजन समिति के प्रमुख अमित कश्यप ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि 03 से 06 जून, 2019 तक कार्टरोड़ शिमला पर मुद्रिका बस सेवा चलाई जाएगी। यह सेवा कार्यक्रम समाप्त होने तक जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि इस अवधि में पथ परिवहन निगम की विशेष बस सेवा पंथाघाटी, मैहली मार्ग तथा ढली मार्ग पर चलाई जाएंगी। पुराना बस अड्डा से छोटा शिमला, संजौली, आईजीएमसी, लक्कड़-बाजार, विक्ट्री टनल एवं पुराना बस अड्डा मार्ग पर बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। पुराना बस अड्डा से हिमलैंड, टॉलैंड, खलीनी, बीसीएस, विकासनगर, पंथाघाटी होते हुए मैहली मार्ग पर भी बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

समर फेस्टिवल की अवधि में सामान्य तौर पर रात 08 बजे तक चलने वाली पथ परिवहन निगम की बस सेवा को रात 10 बजे तक चलाया जाएगा। 06 जून, 2019 को यह बस सेवाएं रात 12.00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।  देवासेन नेगी ने कहा कि इस अवधि में पुराना बस अड्डा शिमला से आईएसबीटी तक भी रात 10 बजे तक और 06 जून, 2019 को रात्रि 12 बजे तक बस सेवा उपलब्ध रहेगी।