Follow Us:

चुनाव में हार के बाद बोलीं रजनी पाटिल- हिमाचल कांग्रेस में होगी मेजर सर्जरी!

पी. चंद |

हिमाचल में कांग्रेस की हार के लिए जारी मंथन के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल में मेजर सर्जरी होगी और बहुत बड़ा बदलाव किया जाएगा। इसमें बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है। शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा चारों संसदीय क्षेत्रों से कांग्रेस के प्रत्याशियों ने उन्हें लिखित में अपनी रिपोर्ट दे दी है, जिसमें हार के कारणों का जिक्र किया गया है और इस रिपोर्ट को हाईकमान के पास रखेंगे और उसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा। 

रजनी पाटिल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी की अपेक्षाओं के अनुरूप नतीज़े नहीं आए है। रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा की लड़ाई लड़ती रहेगी। कांग्रेस के सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर उनसे हार के कारणों पर विचार लिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के वक़्त भी कांग्रेस इस तरह के हालातों का सामना कर चुकी है। कांग्रेस इससे उभर कर बाहर निकलेगी।

रजनी पाटील ने कहा कि कांग्रेस बूथ लेवल पर काम नहीं कर पाई इसलिए पार्टी चुनाव हारी है, जिसको लेकर हिमाचल कांग्रेस में  मेजर सर्जरी की जाएगी। पाटिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी राहुल गांधी ने ली है। हिमाचल में भी सब बड़े नेताओं ने हार की जिम्मेदारी ली है और आलाकमान को इसके बारे में बता दिया है। देश भर में कांग्रेस हार पर मंथन कर रही है।