Follow Us:

CM ने नीदरलैंड के एमस्टरडैम डैम स्क्वायर में किया 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ

पी.चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को नीदरलैंड के एमस्टरडैम के डैम स्क्वायर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2019 का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग ऐसी विधा है, जिसको निरन्तर अपनाने से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर निरंतर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति को बीमारियों की रोकथाम एवं स्वस्थ रहने के लिए योग पर अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। विश्व में लाखों लोग योग से लाभान्वित हुए हैं और योग का प्रभाव प्रतिदिन और अधिक बढ़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि योग शब्द संस्कृत के शब्द ‘युज’ से बना है, जिसका अर्थ है व्यक्तिगत चेतना का मिलन है। यह योग मानवता को एक खुशहाल और स्वस्थ जीवन जीने के लिए एक उपहार है। डच सेना के प्रतिनिधियों ने भी योग सत्रों में भाग लिया। नीदरलैंड के रक्षा मंत्रालय ने सशस्त्र सेनाओं में तनाव कम करने के लिए योग अभ्यासों को सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया है। इस अवसर पर शहर के मध्य स्थित प्रमुख स्थल डैम स्क्वायर स्थित रॉयल पैलेस के सामने लगभग 3000 व्यक्ति एकत्रित हुए।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। यह पहला मौका था, जब भारत से सम्बन्धित कोई आयोजन डैम स्क्वायर में आयोजित किया गया। डैम स्क्वायर एमस्टरडैम का ऐतिहासिक स्थल है, जहां न्यो-क्लासिकल रॉयल पैलेस, पन्द्रहवीं शताब्दी का नाईयूवी कर्क नया (गिरिजाघर), द मैडम तूसाद एमस्टरडैम और द्वितीय विश्व युद्ध में मारे गए लोगों की याद में 1956 में बना राष्ट्रीय स्मारक स्थित हैं।

रॉयल डच सेना के प्रतिनिधि भी पहली बार इस आयोजन में शामिल हुए। इस वर्ष के अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस में विशेष तौर पर ‘मेड इन इंडिया’ के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को भारत के पांच राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगरों द्वारा पूरे दिन प्रदर्शित किया गया। ‘योग हट’ में सूर्य नमस्कार और योग मुद्रा अभ्यास से सम्बन्धित प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त विशेष उपचारात्मक योग सत्रों का भी आयोजन किया गया। महर्षि आयुर्वेद केन्द्र द्वारा इस अवसर पर एक विशेष स्टाल लगाया गया, जिसमें स्वस्थ जीवन के लिए योग परामर्श प्रदान की गई।