Follow Us:

पढ़िए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण की अहम बातें…

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद  ने गुरुवार को संसद के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। संसद को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि संसद को संबोधित करते हुए खुशी हो रही है। मतदाताओं ने दुनिया में भारत के लोकतंत्र की साख बढ़ाई। इस दौरान सदन में लोकसभा, राज्यसभा के सभी सांसद मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला  ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने अपने भाषण में विकास, नीति समेत कई बड़े मुद्दों का जिक्र किया। इसी के साथ उन्होंने नई सरकार को भी बधाई दी।

राष्ट्रपति के अभिभाषण की अहम बातें…

  • इस लोकसभा में क़रीब आधे सांसद पहली बार चुने गए हैं। 78 महिलाओं का चुना जाना भारतीय लोकतंत्र की सहभागिता को दर्शाता है। इस चुनाव में देश की जनता ने बहुत ही स्पष्ट जनादेश दिया है। सरकार के कामकाज़ के देखते हुए जनता ने और मज़बूत जनादेश दिया है।
  • साल 2014 से पहले देश का माहौल निराशाजनक था और उसके बाद 2014 में तीन दशक बाद स्पष्ट बहुमत मिला। मेरी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर काम किया। जो हाशिए पर हैं उनके जीवन में सरकार ने उम्मीद जगाई और उनके हालात बेहतर किए।
  • हमारी सरकार लोगों को सुविधायुक्त और बंधनमुक्त बनाना चाहती है। मेरी सरकार राष्ट्रनिर्माण की उस सोच पर चल रही है जिसकी नींव 2014 में रखी गई थी। सरकार की यात्रा सबका साथ, सबका विकास और विश्वास के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है।
  • यह नया भारत गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर के दर्शन पर आगे बढ़ेगा जहां हर कोई बिना डरे जीवन यापन करेंगे। हमारी सरकार ग्रामीण भारत को मज़बूत बनाएगी। युवा भारत और तेज़ी से आगे बढ़ेगा। हमारी सरकार नए लक्ष्यों को पूरा करेगी।
  • नेशनल डिफेंस फंड' से वीर जवानों के बच्चों को मिलने वाली स्कॉलरशिप की राशि बढ़ा दी गई है। इसमें पहली बार राज्य पुलिस के जवानों के बेटे-बेटियों को भी शामिल किया गया है।
  • हमें अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना ही होगा। नए 'जलशक्ति मंत्रालय' का गठन, इस दिशा में एक निर्णायक क़दम है जिसके दूरगामी लाभ होंगे। इस नए मंत्रालय के माध्यम से जल संरक्षण एवं प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।   
  • ग्रामीण भारत को मज़बूत बनाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। कृषि क्षेत्र की उत्पादकता को बढ़ाने के लिए, आने वाले वर्षों में 25 लाख करोड़ रुपए का और निवेश किया जाएगा।    
  • आज भारत मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में दुनिया में दूसरे स्थान पर है। हमारे देश में प्रथम स्थान पाने की क्षमता है। इसीलिए सरकार, 'ब्लू रिवॉल्युशन' यानी 'नीली क्रांति' के लिए प्रतिबद्ध है। मछली पालन के समग्र विकास के लिए एक अलग विभाग गठित किया गया है।
  •  50 करोड़ ग़रीबों को 'स्वास्थ्य-सुरक्षा-कवच' प्रदान करने वाली विश्व की सबसे बड़ी हेल्थ केयर स्कीम 'आयुष्मान भारत योजना' लागू की गई है।    
  • महिला सशक्तीकरण, मेरी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। नारी का सबल होना और समाज और अर्थव्यवस्था में उनकी प्रभावी भागीदारी, एक विकसित समाज की कसौटी होती है। सरकार की यह सोच है कि न केवल महिलाओं का विकास हो बल्कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास हो।    
  • प्रधानमंत्री मुद्रा योजना' के तहत, स्वरोजगार के लिए लगभग 19 करोड़ ऋण दिए गए हैं। इस योजना का विस्तार करते हुए अब 30 करोड़ लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उद्यमियों के लिए बिना गारंटी 50 लाख रुपए तक के ऋण की योजना भी लाई जाएगी।
  • सरकार द्वारा सामान्य वर्ग के ग़रीब युवाओं के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इससे उन्हें नियुक्ति और शिक्षा के क्षेत्र में और अवसर प्राप्त हो सकेंगे।