Follow Us:

हमीरपुरः भोरंज में फिर तेंदुए ने किया हमला, 2 युवक घायल

कमल कृष्ण |

हमीरपुर उपमंडल भोरंज के बलेट में अहमद्दीन पर तेंदुए के हमले के बाद अब बडेहर में तेंदुए ने युवकों पर हमला किया। उपमंडल के विभिन्न जंगलों में आग लगने के कारण अब तेंदुए रिहायशी इलाकों की ओर रुख करते जा रहे है। बडैहर से कोहटा में घर जा रहे प्रवीण कुमार अपनी बाइक पर राजीव कुमार के साथ बडैहर मे दुकान बंद कर घर जा रहा था कि वन विभाग के क्वार्टर से लगभग 2 किलोमीटर दूरी पर तेंदुए ने इन्हें घेर लिया और दोनों पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से दोनों बाइक सवार चलती बाइक से नीचे गिर गए और बाइक चालक प्रवीण का गिरने से बाजू फ्रेक्चर हो गया और तेंदुए ने उसकी टांग पर दांत गाड़ दिए। जबकि बाइक पर पीछे बैठे राजीव के पैर पर तेंदुए के पंजे से खरोंचे आई है। हमले के बाद दोनों ने शोर मचाया जिससे और लोग भी एकत्रित हो गए जिससे तेंदुआ मौके से भाग गया और दोनों की जान बच गई। ग्रामीणों ने दोनों को उपचार के लिए भोरंज अस्पताल पहुंचाया जंहा से परवीन कुमार को जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया। जंहा पर प्रवीन कुमार के बाजू में फ्रेक्चर पर प्लास्टर और टांग का उपचार हो रहा है।

गांव के लोगों में तेंदुए का खौफ है।  ग्रामीणों में ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार, बिहारी लाल चौधरी, पवन कुमार चौधरी, योगिंद्र शर्मा, ओंकार शर्मा, राजेश शर्मा इत्यादि ने वन विभाग से मांग की कि शीघ्र क्षेत्र में पिंजरे लगाए जाएं। वन विभाग भरेड़ी के बीइओ जगत राम का कहना है कि कर्मचारी भेज कर जांच की जा रही है जांच के बाद ही मुआवजा निर्धारित किया जाएगा। वन विभाग के कर्मचारी इलाके में पूरी तरह मुस्तैद हैं, यदि आवश्यक हुआ तो क्षेत्र में पिंजरे लगबा दिए जाएंगे।