Follow Us:

अरुणाचल प्रदेश, सोनीपत और महाराष्ट्र में आया भूकंप

समाचार फर्स्ट डेस्क |

अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सुबह करीब 4 बजकर 24 मिनट पर अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 आंकी गई। किसी भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। अरुणाचल प्रदेश के बाद महाराष्ट्र के पालघर में सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 आंकी गई है।

इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे वहां के लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। यह भूकंप सुबह 7 बजकर 45 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 आंकी गई। भूकंप का केंद्र सोनीपत से 5 किलोमीटर दूरी पर बताया गया है। फिलहाल किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है। इमारतों में लोगों ने अधिक झटके महसूस किए, जिस वजह से वे तुरन्त बाहर सड़कों पर निकल आए।

बता दें कि साल 2018 में भी सोनीपत में भूकंप के झटके लगे थे। भूकंप आने की संभावनाओं को देखते हुए देश को पांच भागों में बांटा गया है। हरियाणा का सोनीपत जिला जोन नंबर चार में है, जो संवेदनशील क्षेत्र है। इसमें दिल्ली और एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार भी शामिल है।