Follow Us:

उन्नाव रेप मामले पर महिलाओं में गुस्सा, मोदी-योगी सरकार के खिलाफ जताया विरोध

पी. चंद |

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुए नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार के बाद पूरे देश की महिलाओं में काफी गुस्सा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस ने शिमला उपायुक्त कार्यालय के बाहर केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी विधायक को पद से बर्खास्त करने की मांग की।

प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेटियों और महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही। उन्नाव में नाबालिग बच्ची के साथ हुई बलात्कार की घटना बेहद शर्मनाक है। सभी महिलाओं को इस घटना के खिलाफ़ विरोध करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में हर रोज बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही है और अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं जिससे महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

उन्नाव रेप पीड़िता को जान से मारने की कोशिश की जा रही है और उत्तर प्रदेश की सरकार सोई हुई है। इससे पता चलता है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार बेटियों को सुरक्षा देने के लिए कितनी संजीदा है। जैनब चंदेल ने कहा कि महिला कांग्रेस देश मे बेटियों के साथ हो रही इस तरह की घटनाओं का विरोध करती है।