Follow Us:

लाहौल स्पीति में होगा ”केलांग कनक्लेव”, देश की नामी कंपनियां लेगीं भाग

सचिन शर्मा |

जनजातिय जिला लाहौल स्पीति में पहली बार "केलांग कनक्लेव’’ के नाम से इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 12 और 13 अगस्त को लाहुल स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में होगा। इसकी जानकारी कृषि मंत्री डा. रामलाल मार्कंडा ने दी। इस कनक्लेव में देश की 20 नामी कंपनियां और विशेषज्ञ भाग लेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की आय को दोगुना करना है। कनक्लेव में 10 एमओयू साईन होंगे जिसमें लाहुल का छरमा, गुठ,  हॉप्स और अन्य जड़ी बूटियां शामिल हैं। यह लाहुल स्पीति जिले के कुछ ऐसे उत्पाद हैं जिनकी देश भर में काफी ज्यादा डिमांड है और इनके अधिक उत्पादन से यहां के किसानों की आय कई गुणा बढ़ाई जा सकती है।

वहीं, इस कनक्लेव में मोबाइल सर्विस देने वाली कंपनियों को भी बुलाया जा रहा है ताकि लाहौल स्पीति जैसे जनजातिय जिला में मोबाइल कनैक्टिविटी बढ़ाई जा सके। कनक्लेव में केंद्रीय जनजातिय विकास मामलों के राज्य मंत्री के आने की संभावना भी जताई जा रही है। कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडा ने बताया कि सारा आयोजन फोकस इंडिया के माध्यम से किया जा रहा है ताकि किसानों को एक स्थान पर लाकर उन्हें हर प्रकार की जानकारी दी जा सके।

मार्कंडा ने बताया कि देशभर के ऐसे विशेषज्ञों को इस कनक्लेव में बुलाया गया है जो आधुनिक और नई तकनीकों के बारे में न सिर्फ जानकारी देंगे बल्कि भविष्य में यहां अपनी सेवाएं भी देंगे। उन्होंने बताया कि लाहुल में सबसे ज्यादा आधुनिक कृषि उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है और इस इस्तेमाल को और ज्यादा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने लाहौल स्पीति के किसानों से इस कनक्लेव में शामिल होने का आग्रह किया है। दो दिवसीय इस कनक्लेव में 13 अगस्त को किसान मेले का आयोजन भी किया जाएगा।