Follow Us:

MC शिमला के 3 ऐप CM ने किये लॉन्च, अब घर बैठे मिलेंगी ये सुविधाएं

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नगर निगम शिमला के तीन ऐप लॉन्च किये हैं। इसका ऐप लॉन्च का नाम भी दिया गया है गवर्नमेंट टू सिटीज़न (जी2सी) सेवा। राज्य सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित इन ऐप्स में ऑनलाइन गारबेज चार्जिज कलेक्शन एप्लीकेशन, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लानिंग एप्लीकेशन तथा रेंट और लीज़ ऐप शामिल हैं, जिनके माध्यम से नगर निगम में 11 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।  

जयराम ठाकुर ने कहा कि इन ऐप्स का उद्देश्य सरकार की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, अधिक दक्षता, निष्पक्षता और लोगों को सेवाएं और जानकारी को उपलब्ध करवाने में तेजी, बिचौलियों को हटाना, निगम स्तर पर जी2सी सेवाएं प्रदान करने के लिए एकल खिड़की प्रदान करना है। ये सेवाएं कुशल इन्टरफेस प्रदान करने के साथ नागरिकों को किफ़ायती और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करेंगी।
 
इन सेवाओं के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की सुविधा सुनिश्चित होंगी, जिससे लोगों को नगर निगम के कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस सुविधा से नागरिक अपने भुगतान के सम्बन्ध में भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बिल्डिंग प्लानिंग परमिशन ऐप के माध्यम से नागरिकों को उनके भवनों के नक्शों को स्वीकृत करवाने के लिए सुविधा प्राप्त होगी। स्वीकृतियों के सम्बन्ध में सभी मापदण्ड इस ऐप के माध्यम से सुनिश्चित किए जाएंगे और भवन मालिकों को उनके नक्शों के सम्बन्ध में एक क्लिक के माध्यम से जानकारी प्राप्त होगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार जनता को पारदर्शी प्रशासन प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है, जिसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी को अधिक से अधिक प्रयोग में लाया जा रहा है।