Follow Us:

कांगड़ाः महिला ने अपने भतीजे पर अश्लील हरकतें करने पर पुलिस में दर्ज़ करवाया केस

मनोज धीमान |

जिला कांगड़ा के इंदौरा में  45 साल की महिला ने अपने ही भतीजे पर संगीन आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार उक्त महिला ने अपने भतीजे पर उससे अश्लील हरकतें कर उसकी लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है। मामले के संदर्भ में जानकारी देते हुए एसडीपीओ नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शनिवार को उसका पति किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था और वह घर में अकेली थी तो अश्लील हरकतें की गई।

पहले रास्ता रोका फिर जबरन फाड़ दिए कपड़े

जब महिला रसोई में थी तो इस दौरान उसका भतीजा भी वहां आ गया। वह बाहर निकलने लगी तो आरोपी ने पहले तो दरवाजे पर खड़े होकर उसका रास्ता रोका और फिर अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने उसे ऐसा करने से रोका तो आरोपी ने जबरन उसके कपड़े फाड़ दिए। इस पर जब उसने शोर मचाया तो आरोपी उसे धमकियां देता हुआ वहां से चला गया।

महिला बोली-आरोपी से भविष्य में भी खतरा

महिला के अनुसार आरोपी के जाने के बाद उसने अपने पति को फोन कर घर बुलाया और सारी आपबीती सुनाई। इसके बाद उसने पुलिस में मामला दर्ज़ करवाया। महिला ने आरोपी से उसे भविष्य में भी खतरे की बात कही है। अब मामले की जमीनी हकीकत क्या है, यह तो जांच में ही पता चलेगा। फिलहाल पुलिस ने पुलिस थाना इंदौरा में महिला की शिकायत के आधार पर कथित आरोपी के ख़िलाफ़ भारतीय दंड विधान की धारा 354 ए, 354 बी, 341, 323, 504, 506 और 509 के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।