Follow Us:

जनमंच में हंगामे के बाद बोले कांग्रेस विधायक, कोई थानेदार नहीं लगे बीजेपी प्रवक्ता

सुनील ठाकुर |

रविवार को बिलासपुर में हुए जनमंच के हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक रामलाल ठाकुर ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी नेता रणधीर शर्मा पर ओच्छी राजनीति करने के आरोप लगाए। रामलाल ठाकुर ने कहा कि वे बताएं कि वे किस आधार पर जनमंच कार्यक्रम में आए थे। वे कोई थानेदार नहीं लगे जो चाहे करेंगे… अगर सही जानकारी नहीं है तो उसे गलत भी न पेश करें।

साथ ही राम लाल ठाकुर ने केंद्र औऱ प्रदेश की सरकार पर जनता को ठगने के आरोप लगाए है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 69 नेशनल हाइवे बनाने की घोषणा मात्र बातों में सीमित रह गई। भाजपा ने हमेशा प्रदेश की जनता को देश की जनता को छलने का काम किया है। रणधीर शर्मा से सवाल करते हुए राम लाल ठाकुर ने कहा कि वे बताएं कि राष्ट्रीय राजमार्ग-21 की नोटिफिकेशन कब रद्द हुई और कब ये प्रदेश सरकार के आधीन आया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आरोप लगाए कि फोरलेन का काम पिछली कांग्रेस सरकार ने बंद किया, लेकिन इस समय तो केंद्र में भी और प्रदेश में भी उनकी सरकार है तो फोरलेन का कार्य क्यों नहीं शुरू करवाया जा रहा। ठेकेदरों के करोड़ों रुपए फंसे हुए हैं। प्रदेश सरकार और केंद्र की सरकार एकमात्र जुमलेबाजी की सरकार है।