Follow Us:

शिमला में एप्पल फेस्टिवल का आगाज, CM ने 200 किलो का एप्पल केक काटकर किया शुभारंभ

पी. चंद, शिमला |

शिमला घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए हिमाचली सेब खासे आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिमला के गेयटी थियेटर में पर्यटन विभाग द्वारा दो दिवसीय एप्पल फेस्टिवल का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। फेस्टिवल का मकसद हिमाचली सेब को ज्यादा से ज्यादा प्रमोट करना है। फेस्टिवल में प्रदेश के बागवानों के बगीचों में पैदा होने वाले अलग अलग किस्म के सेब लगाए गए हैं। सेब के साथ नाशपाती, फ्लावर और सेब से बने जूस और अन्य उत्पाद को भी फेस्टिवल में लगाया गया है। 350 बागवानों के सेब प्रदर्शनी में लगाये गए जिन्हें पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग भी काफी पसंद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सेब हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ पर्यटन को बढ़ावा देता है। प्रदेश में बागवानी को विकसित करने के लिए सरकार ने अलग अलग योजनाएं शुरू की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के बागवान सरकार की मदद के बिना भी बागवानी में अलग प्रयोग करके अच्छी और नई किस्म के सेब पैदा कर रहे हैं। सरकार सेब की पैदावार बढ़ाने और सेब के अच्छे दाम दिलाने के लिए प्रयास कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सेब से बने साढ़े चार फीट ऊंचे और 200 किलो के केक को भी काटा।