Follow Us:

चंबा सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, CM ने जताया शोक

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र में ढकोग-तुन्दाह सड़क के पास कैंपर गाड़ी के खाई में गिरने से चार लोगों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में घायल एक व्यक्ति को चम्बा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए है।

मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति व शोक संतप्त परिवारों को शोक की घड़ी में इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

गौरतलब है कि रविवार सुबह चंबा के भरमौर उपमंडल में दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में एक बोलेरो कैंपर एचपी 73-3193 अचानक अनियंत्रित होकर 600 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि 1 गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हादसा भरमौर के बन्नी माता सड़क पर पेश आया है। हादसे के सयम बोलेरो कैंपर बन्नी माता मंदिर से वापस ढकोग लौट रही थी। इसी बीच तरेला के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के समय गाड़ी में 5 लोग मौजूद थे। जिनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए चंबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।