Follow Us:

ब्यूटी पार्लर जाना क्या सरकारी काम है? कांग्रेस विधायक ने पूछे सवाल

रविंद्र, ऊना |

कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने परिवहन मंत्री की पत्नी की गाड़ी से नकदी चोरी और सरकारी गाड़ी ले जाने के मामले पर सरकार पर प्रहार किया। रायजादा ने कहा कि आखिर ब्यूटी पार्लर के लिए सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल क्यों हुआ? क्या यह जायज है? मीडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक मंत्री की पत्नी 2 दिन से चंडीगढ़ में थीं… तो क्या उन्हें सरकारी वाहन के लिए अधिकृत किया गया था? सरकारी गाड़ी 5 घंटे तक ब्यूटी पार्लर के बाहर किस हैसियत से खड़ी रही?

कांग्रेस विधायक ने कहा कि सवाल ये भी है कि जब मोदी पूरे देश में कैशलेस इंडिया की बात कर रहे हैं तो मंत्री की पत्नी अढ़ाई लाख रुपए कैश लेकर क्यों घूम रही थीं? क्या मोदी की नीतियों को मंत्री और उनके परिवार नहीं मानते हैं? विधायक ने जयराम सरकार को कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि सरकार में सत्ता का दुरपयोग हो रहा है। सरकारी गाडिय़ों और हेलिकॉप्टर का बुरी तरह से दुरुपयोग किया जा रहा है। एक तरफ भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को सैर करवाने के लिए मुख्यमंत्री सरकारी हेलिकॉप्टर का दुरुपयोग कर रहे हैं तो दूसरी ओर मंत्रियों की पत्नियां सरकारी गाडिय़ां लेकर चंडीगढ़ सहित दूसरे राज्यों में घूम रहीं हैं।

उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग उठाई कि मंत्री की पत्नी इतना कैश लेकर क्यों घूम रहीं थी और क्या उन्हें सरकारी गाड़ी ले जाने के लिए अधिकृत किया गया था? क्या यह कोई सरकारी कामकाज था? अब क्या ब्यूटी पार्लर में जाने के लिए भी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग होगा? विधायक ने कहा कि जयराम सरकार इस पर स्थिति स्पष्ट करे। पूरी सरकार अपने ऐश-ओ-आराम पर जनता के धन का दुरुपयोग कर रही है। इस प्रदेश पर हजारों करोड़ रुपए का कर्जा है उस राज्य में किस कद्र सरकारी मशीनरी का दुरपयोग हो रहा है इसका अंदाजा चंडीगढ़ की घटना से लगाया जा सकता है। यहां तक कि उनका शिकायत के बयान ने ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।