Follow Us:

देव समाज के प्रति संवेदनशील है प्रदेश सरकार: गोविंद ठाकुर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

परिवहन मंत्री और अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को देव सदन में जिला देवी-देवता कारदार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिला देवी-देवता कारदार संघ और देव समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
 
वन मंत्री ने कहा कि कुल्लू जिला की प्राचीन और बहुत ही समृद्ध देव संस्कृति के संरक्षण तथा इससे संबंधित सांस्कृतिक व धार्मिक गतिविधियों को लेकर स्वयं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बहुत ही संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि कारदार संघ से संबंधित सभी मुददों पर प्रदेश सरकार उचित निर्णय लेगी। बैठक में कृषि उपज मंडी समिति कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति के अध्यक्ष अमर ठाकुर, जिला देवी-देवता कारदार संघ के अध्यक्ष जय चंद और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

डीसी ने किया दशहरा ग्रामीण खेल उत्सव का उदघाटन

अंतर्राष्ट्रीय दशहरा ग्रामीण खेल उत्सव और उत्तर क्षेत्रीय विशेष आमंत्रण वालीबाल प्रतियोगिता बुधवार को आरंभ हो गई। अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति की उपाध्यक्ष एवं जिलाधीश डा. ऋचा वर्मा ने इन प्रतियोगिताओं का उदघाटन किया। ग्रामीण खेल उत्सव में जिला की कुल 90 टीमें भाग ले रही हैं और उत्तर क्षेत्रीय विशेष आमंत्रण वालीबाल प्रतियोगिता में 7 टीमें भाग ले रहीं हैं।
 
इस अवसर पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए डा. ऋचा वर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के माध्यम से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच प्रदान किया जाता है। दशहरा खेल समिति ने इस वर्ष ग्रामीण खेल उत्सव को और विस्तार देने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि इस बार पुरुष कबड्डी में 40, महिला कबड्डी में 18 और वालीबाल में 32 टीमें भाग ले रही हैं। इसके अलावा महिला कुश्ती को भी इस बार विशेष रूप से शामिल किया गया है।