Follow Us:

जयराम ठाकुर ने हरियाणा में किया चुनाव प्रचार, BJP प्रत्याशीयों के पक्ष में की वोट अपील

पी.चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज पंचकुला विधान सभा क्षेत्र के बरवाला और हरियाणा की कालका विधान सभा क्षेत्र के चैहान चैक में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने इन विधान सभा क्षेत्रों की जनता से पंचकुला के बीजेपी उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता और कालका की लतिका शर्मा के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया, ताकि इन क्षेत्रों में विकास की निरंतरता बनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत मजबूत और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है और पूरे विश्व में भारत को महाशक्ति के रूप में जाना जा रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा राज्य में अभूतपूर्व विकास हुआ है और उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करके इस प्रगति की निरंतरता को बनाये रखने के लिए लोगों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विपक्ष विभाजित है तथा उनके पास कोई मुद्दे नहीं हैं। इसके उपरांत शाम को मुख्यमंत्री ने कालका विधान सभा क्षेत्र के मडावला में एक चुनाव रैली को भी संबोधित करते हुए बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया।